बिहार नंबर 1 न्यूज़ चैनल

आज से चलेगा कोविड टीकाकरण महाअभियान, वंचित लोगों को लगाया जाएगा टीका

संवाददाता – शिवाजी राव

पुर्णिया – जिले में 1.50 लाख लोगों को टीका लगाने का रखा गया है लक्ष्य
– घर-घर सर्वे में 1.34 लाख से अधिक लोगों ने जताई टीका लगाने पर सहमति
– संक्रमण से सुरक्षा के लिए टीका सबसे आवश्यक

कोविड-19 संक्रमण से सुरक्षा के लिए जिले के 18 वर्ष से अधिक के सभी लोगों को टीका लगाया जा रहा है। सभी लोग आसानी से टीका लगा सकें इसके लिए जिला प्रशासन तथा स्वास्थ्य विभाग द्वारा समय समय पर टीकाकरण महाअभियान चलाया जा रहा है।

जिलाधिकारी राहुल कुमार के निर्देश पर गुरुवार को जिला प्रशासन तथा स्वास्थ्य विभाग द्वारा एकदिवसीय टीकाकरण महाअभियान चलाया जाएगा।

जिसमें अबतक टीकाकरण के दोनों डोज से वंचित लोगों को टीका लगाया जाएगा। टीकाकरण महाअभियान के लिए जिले के सभी प्रखंडों के टीकाकरण सत्र स्थल पर पर्याप्त मात्रा में वैक्सीन उपलब्ध करा दी गई है।

जानकारी हो कि विशेष टीकाकरण महाअभियान के लिए जिले में 538 सत्र स्थल बनाए गए हैं जहां लोग आसानी से पहुँचकर अपना टीका लगा सकते हैं।

1.50 लाख लोगों को टीका लगाने का रखा गया है लक्ष्य:
जिला प्रतिरक्षण पदाधिकारी डॉ. विनय मोहन ने बताया कि जिले में अबतक 22 लाख 15 हजार 262 लोगों द्वारा सुरक्षा का टीका लगाया जा चुका है लेकिन अभी भी बहुत से लोग हैं जिन्होंने अबतक टीका नहीं लगाया है या टीका का केवल एक डोज ही लगाया है।

सभी लोग सुरक्षा के टीका का दोनों डोज लगा सकें इसके लिए टीकाकरण महाअभियान चलाया जा रहा है। 28 अक्टूबर को आयोजित टीकाकरण महाअभियान में जिले के 1.50 लाख लोगों को टीका लगाने का लक्ष्य रखा गया है।

लोग टीका आसानी से लगा सकें इसके लिए सभी प्रखंडों में 538 विशेष टीकाकरण सत्र बनाए गए हैं। सभी लोगों को संक्रमण से सुरक्षित रहने के लिए कोविड-19 टीका की दोनों डोज जरूर लगानी चाहिए।

घर-घर सर्वे में 1.34 लाख से अधिक लोगों ने जताई टीका लगाने पर सहमति:
जिला कार्यक्रम प्रबंधक ब्रजेश कुमार सिंह ने बताया कि पूर्ण टीकाकरण से वंचित लोगों की जानकारी के लिए जिले की आशा तथा आंगनबाड़ी सेविकाओं द्वारा घर-घर जाकर सर्वे किया गया था।

सर्वे रिपोर्ट के अनुसार जिले के 1 लाख 34 हजार 820 लोगों द्वारा टीका लगाने पर सहमति जताई गई। अभी दीपावली व छठ महापर्व के कारण बाहर से भी बहुत से लोग अपने घर वापस लौट रहे हैं।

इसे देखते हुए विशेष टीकाकरण महाअभियान में ज्यादा से ज्यादा लोगों को टीका लगाने का लक्ष्य रखा गया है।

संक्रमण से सुरक्षा के लिए टीका सबसे आवश्यक:
सिविल सर्जन डॉ. एस. के. वर्मा ने बताया कि कोविड-19 संक्रमण अभी पूरी तरह से खत्म नहीं हुआ है। इससे सुरक्षित रहने के लिए लोगों को कोविड प्रोटोकॉल का पालन करने के साथ ही टीका लगाना बहुत जरूरी है।

अब तक टीका से वंचित लोग आसानी से टीका लगा सके इसके लिए ही विशेष रूप से टीकाकरण महाअभियान चलाया जा रहा है।

टीका की दोनों डोज से वंचित लोगों से अपील है कि अपना और अपने परिवार की सुरक्षा के लिए टीका की दोनों डोज जरूर लगाएं।

CATEGORIES
Share This

COMMENTS

Wordpress (0)
Disqus (0 )
error: Content is protected !!